लूट के बाद घटनास्थल की जांच करती पुलिस।
- फोटो : Grnoida
दादरी। एस्कॉर्ट कॉलोनी में दिनदहाड़े बदमाशों ने जूलरी शॉप में घुसकर 20 जोड़ी चांदी की पाजेब, 2 किलो चांदी और दो मोबाइल लूट लिए। घटना के दौरान संचालक किसी काम से खुर्जा गया हुआ था। बदमाशों ने दुकान पर बैठे नाबालिग बेटे की कनपटी पर तमंचा तानकर वारदात को अंजाम दिया। मामले में पीड़ित ने तहरीर सौंप दी है।
पुलिस के अनुसार, बॉबी फैंसी जूलरी का मालिक बॉबी दादरी के घनश्याम रोड पर रहता है। बृहस्पतिवार को वह किसी काम से खुर्जा गया था। दुकान पर 16 साल का बेटा यश बैठा था। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एक बाइक पर मास्क लगाए तीन युवक पहुंचे। एक बाहर ही बाइक के नजदीक खड़ा रहा और दो दुकान में घुस गए। दोनोें ने यश से अंगूठी और सोने की चेन दिखाने के लिए कहा। यश डिजाइन दिखाने लगा। इसी बीच एक बदमाश ने कनपटी पर तमंचा तान दिया। साथ ही, यश को चुपचाप जेवर निकलने के लिए कहा। यश ने जेवर निकालकर दे दिए। बदमाशों ने जेवर लूटे और शोर मचाने पर उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
वारदात के बाद शटर बंदकर भागे बदमाश
भागने से पहले बदमाशों ने दुकान का शटर नीचे कर दिया। थोड़ी देर बाद यश शटर को उठाकर बाहर आया और शोर मचाया। सूचना दादरी पुलिस को दी गई। मौके पर एफएसएल टीम ने भी जांच की। लूट की सूचना मिलने पर एसीपी नितिन कुमार, एडीसीपी विशाल पांडेय भी पहुंच गए और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस आसपास मकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है।
पुलिस के गले नहीं उतर रहे यह सवाल
पुलिस के मुताबिक, कुछ बातें संदेह पैदा कर रही हैं। बताया गया है कि 10 मिनट तक बदमाशों ने वारदात की। दुकान में 16 डब्बे रखे होने की बात कही गई। इनमें 14 डब्बे मौके पर मिले जिनमें चांदी के जेवर थे। अगर बदमाशों ने दस मिनट वारदात की तो इन्हें क्यों छोड़ गए। वहीं, जिस तरफ बदमाशों के भागने की जानकारी दी गई। वहां लगे सीसीटीवी फुटेज में बदमाश नहीं दिखे।