भिवाड़ी। पुलिस ने लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले शातिर बदमाश को घटना में प्रयुक्त काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है।
सीडीटी तिजारा के सहयोग और सूचना संकलन और भिवाड़ी साइबर सेल की तकनीकी मदद से बीटीएस और सीडीआर के आधार पर मुख्य आरोपी को बापर्दा गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी को रिमांड पर लिया गया है और अनुसंधान जारी है। अन्य तीन फरार आरोपियों शकील, राहुल और राहुल के मामा की तलाश में पुलिस की टीमें सक्रिय हैं।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी और एक मोटरसाइकिल को बरामद किया है। थानाधिकारी हनुमान प्रसाद यादव ने बताया कि 28 सितंबर को पीड़ित ने बताया था कि 27 सितंबर की रात करीब 12:45 बजे, सनबीम लाइट सॉल्यूशन वेयरहाउस खुशखेड़ा से माल उतारकर बाहर निकले थे।
चार व्यक्ति जो काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार थे, उनसे गाजियाबाद जाने का रास्ता पूछा। जैसे ही पीड़ित ने अपनी गाड़ी का दरवाजा खोला, बदमाशों ने उनकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया और उनके साथ मारपीट की।
इसके बाद बदमाशों ने पीड़ित को जबरन अपनी स्कॉर्पियो में डाल लिया और उनकी गाड़ी को एक बदमाश चलाकर ले गया। इस दौरान बदमाशों ने परिवादी का मोबाइल फोन छीन लिया और फोन-पे के जरिए 40 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए।
बदमाशों ने परिवादी की जमकर पिटाई की जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। सुबह करीब 5 बजे बदमाश उन्हें मथुरा रोड कोसी टोल टैक्स के पास छोड़कर भाग गए। पीड़ित की गाड़ी को टोल टैक्स से लगभग 150 मीटर की दूरी पर छोड़ा गया और बदमाश स्कॉर्पियो में सवार होकर भाग गए।