- नेटवर्क की समस्या से यूपीआई भुगतान में आ रही समस्या, परिवहन निगम ने पोस्टर जारी कर की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। रोडवेज बसों में यूपीआई से किराया भुगतान में नेटवर्क की समस्या यात्रियों और परिचालकों के लिए परेशानी बन रही है। ग्रेटर नोएडा के गलगोटिया और परी चौक पर भुगतान अटकने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसे देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने पोस्टर जारी कर यात्रियों से नकद रुपये साथ रखने की अपील की है। निगम के मुताबिक, नेटवर्क की समस्या से यूपीआई भुगतान में देरी हो सकती है। भुगतान नहीं होने पर नकद किराया देकर टिकट जरूर लें।
नोएडा डिपो में भी इसका मामला सामने आया, जहां टिकट निरीक्षक ने एक बस में दो यात्रियों को बिना टिकट पकड़ा और परिचालक के नाम डब्ल्यूटी (विदाउट टिकट) दर्ज किया। परिचालक का कहना था कि यात्रियों के पास नकद रुपये नहीं थे और यूपीआई काम नहीं कर रहा था, इसलिए टिकट नहीं बन पाए। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि डिजिटल भुगतान के साथ नकद किराया भी रखें, ताकि नेटवर्क की दिक्कत के कारण टिकट लेने में परेशानी न हो।