बलरामपुर। 2.35 करोड़ रुपये से सड़कों को चलने लायक बनाने की तैयारी है। तुलसीपुर व गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र में 14 सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। अगले तीन माह में बदहाल सड़कों की मरम्मत का काम पूरा कराने का लक्ष्य है। करीब 125 किलोमीटर लंबाई में सड़कों की मरम्मत होनी है। इससे क्षेत्र के तीन लाख लोगों को सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा। गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र में एनएच 730 के ग्राम हरैया चंद्रासी से होकर खम्हरिया जाने वाली सड़क की विशेष मरम्मत पर 19.50 लाख रुपये खर्च होंगे। 23 लाख रुपये में बढ़ईपुरवा, 25.50 लाख रुपये में भाथर चौराहा रेहरा मार्ग से परशुरामपुर तक व आठ लाख में चोरीसी सपंर्क मार्ग की विशेष मरम्मत होगी।
तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र में महमूदनगर-गुलरिहा तक 10.20 लाख, जमुनी पर 29.50 लाख रुपये व शंकरपुर कला में 10.25 लाख से सड़कों की मरम्मत होगी। भितवरिया में आठ लाख रुपये, ललिया-महराजगंज मार्ग से घुमनहवा तक 14.40 लाख रुपये, मुड़िला-मिर्जापुर से जुगलीकला-फिरोजपुर तक 21.50 लाख रुपये व मुड़िला मिर्जापुर से रामपुर बरगदही तक जाने वाली सड़क की मरम्मत पर 12 लाख रुपये खर्च होंगे। चंदनजोत संपर्क मार्ग की मरम्मत पर नौ लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। सेमरी चौराहा से बनघुसरी तक 20.10 लाख रुपये व हरिहरपुर गनेशपुर तक 24 लाख रुपये में सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। (संवाद)
लोगों की दूर होंगी समस्याएं
तुलसीपुर व गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की मरम्मत होने से क्षेत्र के लोगों की आवागमन की समस्या दूर होगी। क्षेत्रवासी भगवानदीन, अर्जुन, राजकुमार, बैजनाथ व दीपक कुमार ने बताया कि बरसात के चलते सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गईं हैं। इससे आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों की मरम्मत होने के बाद तुलसीपुर व गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र की करीब तीन लाख आबादी को लाभ मिलेगा।
तीन महीने में सड़कों के मरम्मत का कार्य होगा पूरा
-तुलसीपुर व गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के मरम्मत कराने की तैयारी की जा रही है। तीन माह में सड़कों के मरम्मत का कार्य पूरा करा दिया जाएगा। सड़कों की मरम्मत होने के बाद आवागमन में परेशानी नहीं होगी।
-कुमार शैलेंद्र, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड