- एफनजी पर 5 किलोमीटर होगी मशीन से सफाई
-नोएडा प्राधिकरण ने 5 साल के लिए एजेंसी चयन को जारी करेगा टेंडर, मशीनें प्राधिकरण देगा
माई सिटी रिपोर्टर,
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण 7 एक्स सेक्टरों समेत फेज-2 औद्योगिक क्षेत्र व फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद (एफएनजी) एक्सप्रेस-वे के 5 किलोमीटर हिस्से की सफाई मशीन से करवाएगा। मैकेनिकल स्वीपिंग का यह टेंडर प्राधिकरण के जन स्वास्थ्य विभाग ने जारी कर दिया है। 5 साल के लिए एजेंसी का चयन होगा। इसके बदले में एजेंसी को 23 करोड़ 7 लाख रुपये का भुगतान प्राधिकरण से होगा। खास बात यह है कि इस काम के लिए मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनें भी प्राधिकरण उपलब्ध करवाएगा।
एजेंसियों से आवेदन 6 अक्टूबर तक मांगे गए हैं। अभी यहां पर कुछ हिस्से में पुरानी एजेंसी के साथ किए गए करार का समय पूरा हो गया है। वहीं कुछ हिस्से में एजेंसी का समय बढ़ाकर सफाई जन स्वास्थ्य विभाग करवा रहा है। यह पहला मौका होगा जब प्राधिकरण मैकेनिकल स्वीपिंग एजेंसी को खुद की मशीन देने जा रहा है। प्राधिकरण ने नैशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (एनकैप) से मिली धनराशि से 4 मशीनें खरीदी हुई हैं। इनका उपयोग अब तक जन स्वास्थ्य विभाग खुद से नहीं कर पा रहा है। मशीनों की क्षमता पर भी सवाल उठे हैं। अब जन स्वास्थ्य विभाग के जोन-2 में किए गए इस टेंडर में उन मशीनों से एजेंसी के जरिए सफाई करवाने की तैयारी है।