पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना लगभग रात 11 बजे की है। राजस्थान नंबर का एक ट्रक आरजे 05 जीबी 5526 अनियंत्रित हो गया और रेलिंग व डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में जा पहुंचा। ट्रक हवा में उछलकर सामने से आ रही दिल्ली नंबर की कार डीएल 9सी बीबी 0553 से टकराया और उसके ऊपर गिरा। कार में चार लोग सवार थे, जो दिल्ली की ओर जा रहे थे।
इस हादसे में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल जेसीबी की मदद से ट्रक को किनारे कराया और घायलों को जीवन के कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया। लेकिन चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया है। इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चा में रखवाया है और मृतको की पहचान की जा रही है।
हादसे के बाद एक्सप्रेस वे पर लगा भीषण जाम
ट्रक और कर की भिड़ंत होने के बाद यमुना एक्सप्रेसवे की एक लाइन पर भीषण जाम लग गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गई। इसके बाद एसीपी जेवर राजीव सिसौदिया समेत भारी मात्रा में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और यातायात सुगम करने के लिए ट्रक और कार को किनारे करवाया। लगभग 1 घंटे तक यमुना एक्सप्रेसवे की एक लेन में भीषण जाम लगा रहा।
ट्रक चालक हिरासत में, मामले की जांच में जुटी पुलिस
एसीपी जेवर राजीव सिसौदिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया ट्रक अनियंत्रित होने के कारण हादसा हुआ है। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उसका मेडिकल कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चारों घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया था लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतकों की जानकारी जुटा जा रही है जिससे उनके परिजनों को सूचना दी जा सके।