वैन और स्कूल बस की भिड़ंत, दो महिलाओं की मौत
तावडू। तावडू-रेवाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग 919 पर गांव खोरी कलां गुजरी फॉर्म के नजदीक श्रद्धालुओं से भरी वैन और स्कूल बस में भिड़ंत हो गई। इस हादसे में वैन में सवार दो महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को निकटर्ती अलवर जिले के भिवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए नूंह सीएचसी भेज पुलिस कार्रवाई में जुटी है। हादसे के बाद अज्ञात आरोपी बस चालक बस मौके पर छोड़ कर फरार हो गया।
पीड़ित वैन के चालक रणधीर निवासी गांव निजामपुर थाना सिकंदराबाद जिला बुलंदशहर यूपी ने बताया कि वह शुक्रवार को गांव के ही पांच श्रद्धालुओं को भिवाड़ी के बाबा मोहनराम में दर्शन के लिए लेकर जा रहा था। शाम करीब 4 बजे जब वह तावडू-रेवाड़ी राष्ट्रीय राज मार्ग पर गांव खोरी कलां के निकट पहुंचा तो उसी दौरान भिवाड़ी की तरफ से आ रही स्कूल बस ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। इस दौरान
अनियंत्रित बस ने उसके वैन में सीधे टक्कर मार दी। हादस इतना जबरदस्त था कि टक्कर के बाद वैन सड़क से करीब दस फुट दूर जा गिरी, जिससे इसके परखच्चे उड़ गए। पीड़ित के मुताबिक इस हादसे में कृष्ण पत्नी भीम सिंह (60) व जयवंती पत्नी गजेंद्र (35) निवासी गांव निजामपुर थाना सिकंदराबाद जिला बुलंदशहर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से घायलों को उपचार के लिए भिवाड़ी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।