- नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड और यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन सड़क हादसों में सॉफ्टवेयर इंजीनियर समेत चार लोगों की मौत हो गई। सेक्टर-142 कोतवाली क्षेत्र में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार सॉफ्टवेयर इंजीनियर की जान चली गई। तीनों मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर अज्ञात वाहन चालकों की तलाश शुरू कर दी है।
नाइट ड्यूटी कर घर लौट रहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत : सेक्टर-142 कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे सेक्टर-144 मेट्रो स्टेशन के समीप सर्विस रोड पर सड़क हादसे में सॉफ्टवेयर इंजीनियर परविंदर चौधरी (35) की मौत हो गई। वह सेक्टर बीटा-1 में किराये के मकान में रहते थे और सेक्टर-135 स्थित एक कंपनी में कार्यरत थे। पुलिस के मुताबिक परविंदर नाइट ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस की ओर से इस बात की जांच की जा रही है कि बाइक सवार ने हेलमेट लगाया था कि नहीं।
सड़क पार करते समय दंपती को वाहन ने कुचला : ईकोटेक-1 कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात यमुना एक्सप्रेसवे पर गलगोटिया विश्वविद्यालय के समीप सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से दंपती की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 44 वर्षीय दिनेश कुमार और उनकी पत्नी 37 वर्षीय अंजू के रूप में हुई है। दोनों फिलहाल घरबरा गांव में किराये के मकान में रहते थे और गलगोटिया विश्वविद्यालय के समीप किसी सोसाइटी में काम करते थे। रविवार रात दोनों पति-पत्नी पैदल सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
खानपुर गांव के पास युवक की मौत : कासना कोतवाली क्षेत्र में रविवार को सड़क हादसे में 37 वर्षीय राजू सरोज की मौत हो गई। मूलरूप से मिर्जापुर निवासी राजू खानपुर गांव में किराये के मकान में रहता था। रविवार को खानपुर गांव के पास मुख्य सड़क पर पैदल जा रहे राजू को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।