सेक्टर-77 निवासी 16 वर्षीय अदिति राणा ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर स्केटिंग की दुनिया में खास पहचान बनाई है। वर्तमान में कक्षा 12 की छात्रा अदिति पढ़ाई के साथ-साथ नीट परीक्षा की तैयारी भी कर रही हैं। उन्होंने महज चार वर्ष की उम्र में स्केटिंग शुरू की थी और पिछले 12 वर्षों से लगातार अभ्यास कर रही हैं। अदिति रोज सुबह 4 से 6 बजे तक प्रशिक्षण लेकर अपनी फिटनेस और तकनीक को निखारती हैं।
स्केटिंग के सफर में अदिति अब तक चार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं। इनमें तीन में स्वर्ण और एक में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। इसके अलावा चार राज्य स्तरीय और चार जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। आठ ओपन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अदिति हर बार गोल्ड मेडल जीतने में सफल रही हैं। कोच सौरभ के अनुसार अदिति बेहद अनुशासित और मेहनती खिलाड़ी हैं। उनकी सफलता में माता-पिता का भी अहम योगदान रहा है, जिन्होंने हर कदम पर उनका उत्साह बढ़ाया। अदिति का सपना देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर जिले और देश का नाम रोशन करना है।