आईआईए ग्रेनो चैप्टर के उद्यमियों ने आईजीएल के साथ बैठक कर रखी समस्या
-उद्यमियों ने कहा कि मार्च में करीब 52 रुपये और अब करीब 90 रुपये हैं दर
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) ग्रेटर नोएडा चैप्टर के पदाधिकारियों ने सूरजपुर स्थित कार्यालय में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) के महाप्रबंधक (मार्केटिंग) के साथ बैठक की। बैठक में उद्यमियों ने लगातार कीमतों में वृद्धि और अन्य समस्याओं को उठाया। उद्यमियों ने अब जल्द ही अपनी समस्याओं व मांगों का एक ज्ञापन आईजीएल प्रबंधक को सौंपने का निर्णय लिया है।
आईआईए ग्रेनो चैप्टर के चेयरमैन सरबजीत सिंह ने बताया कि उद्योगों में पीएनजी की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। मार्च 2026 में करीब 52 रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर दर थी। जो इस समय करीब 90 रुपये पहुंच चुकी है। कीमताें में वृद्धि के कारण उद्यमियों का बजट बिगड़ गया है। फरवरी 2026 के बाद से लगातार वृद्धि हो रही है। इसकी सूचना भी उद्यमियों को नहीं दी जा रही है। बिल से जुड़ी समस्याएं भी काफी है। उन्होंने बताया कि पड़ोसी राज्य हरियाणा के फरीदाबाद में पीएनजी की कीमतों में काफी अंतर है। बैठक में निर्णय लिया हैं कि उद्योगों की समस्याओं और सुझावों का ज्ञापन तैयार कर आईजीएल प्रबंधन को सौंपा जाएगा। ताकि इन समस्याओं के व्यावहारिक समाधान कराया जा सके।