नोएडा। गिझौड़ गांव में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर एक कार्यालय में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन कारों में सवार होकर पहुंचे 10 से 12 लोगों ने कार्यालय में मौजूद लोगों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सेक्टर-75 स्थित गोल्फ सिटी निवासी अप्रांशु सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गिझौड़ गांव में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र के सामने उनका प्रॉपर्टी कार्यालय है। उनका आरोप है कि प्रॉपर्टी को लेकर कुछ लोगों से पहले से विवाद चला आ रहा है। 25 जुलाई की रात करीब 10 बजे वह अपने तीन साथियों के साथ कार्यालय में मौजूद थे। तभी तीन कारों में सवार होकर पहुंचे लोगों ने आते ही मारपीट की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद है। मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो