संभागीय खाद्य नियंत्रक (आरएफसी) गढ़वाल अरविंद पांडेय ने बुधवार को विकासनगर की दो चावल मिलों का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों मिलों में भंडारण और प्रसंस्करण संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की। मिल प्रबंधन को समय से धान के क्रय और उचित गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संभागीय खाद्य नियंत्रक गढ़वाल ने बीबी राइस मिल और विजया एग्रो फूड मिल में स्वच्छता, मशीनों की कार्यप्रणाली, भंडारण, प्रसंस्करण आदि व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। उन्होंने मिल प्रबंधकों से कहा कि खरीफ सत्र 2025-26 में धान की बिक्री के लिए तैयारी शुरू करें। समय पर धान की बिक्री और गुणवत्ता को सुनिश्चित करना है। अरविंद कुमार पांडेय ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और उपभोक्ताओं तक गुणवत्ता युक्त चावल पहुंचना उनकी जिम्मेदारी है। इस दौरान एसएमओ एसपी बिष्ट, एमआई अमित नौटियाल आदि उपस्थित रहे।