चरवा कोतवाली के बेरुआ गांव स्थित निर्माणाधीन मकान से सेवानिवृत्त डीआईजी के नलकूप के लिए रखे लाखों के बिजली उपकरण चोरी कर लिए गए। पीड़िता ने निर्माणाधीन मकान के मालिक और उसके मुंशी के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
प्रयागराज के सदर बाजार की रहने वाली मीनाक्षी श्रीवास्तव के मुताबिक, वह पुलिस विभाग से डीआईजी के पद से सेवानिवृत्त हैं। बताया कि चरवा कोतवाली के बेरुआ गांव स्थित अपनी भूमधरी पर नलकूप की बोरिंग कराई है। नलकूप की बिजली आपूर्ति के लिए 650 मीटर एल्यूमिनियम तार, स्टे तार, 18 किलो टॉप चैनल, सात अर्थरॉड, 14 किलो जीआई तार, टी ऑफ चैनल, ड्रॉपर सहित लाखों रुपये का सामान नलकूप के समीप स्थित प्रयागराज के ही एक व्यक्ति के निर्माणाधीन मकान में रखा था। बिजली उपकरणों को बेरुआ निवासी मुंशी की सहमति पर रखवाया था। बृहस्पतिवार को वह कार्य करवाने पहुंचीं तो सामान गायब था। उन्होंने निर्माणाधीन मकान के मालिक और उसके मुंशी पर उपकरण चोरी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।