ग्रेटर नोएडा। कोई पात्र महिला योजना से वंचित न रहे। योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं। अधिकारी शिकायतकर्ताओं के साथ मधुर, सहयोगात्मक और सम्मानजनक व्यवहार करें। महिलाओं की शिकायतें पहले निस्तारित करें। ये निर्देश यूपी राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला ने बुधवार दो दिए।
उन्होंने विकास भवन के सभागार में महिला कल्याण योजनाओं की समीक्षा और जनसुनवाई की। इस दौरान कुल 12 महिलाओं की समस्याओं को सुना। लंबित मामलों में तुरंत कार्रवाई कर रिपोर्ट महिला आयोग लखनऊ को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने दो आंगनबाड़ी केंद्रों और जिला कारागार का निरीक्षण किया।
इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर, एसीपी प्रशाली गंगवार, जिला कार्यक्रम अधिकारी तरुण वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार, जिला दिव्यांगजन अधिकारी आशीष कुमार, जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार समेत विभागों की अधिकारी मौजूद रहे।