दूषित पानी की सप्लाई से निवासी परेशान
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-3 स्थित जनता फ्लैट में दूषित पानी की आपूर्ति से लोग परेशान हैं। आरोप है कि हर दूसरे दिन घरों में गंदा और बदबूदार पानी पहुंच रहा है। लोगों का कहना है कि गंदे पानी की आपूर्ति के बाद कई लोगों में पेट दर्द की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
सोसाइटी में रहने वाले सत्येंद्र यादव ने बताया कि परिसर में करीब 600 परिवार रहते हैं। सोसाइटी की पुरानी पाइपलाइन जगह-जगह से लीक हो चुकी है। पाइपलाइन टूटने के कारण उसमें सीवर का पानी और मिट्टी मिल जाती है, जिससे घरों में गंदा पानी पहुंचता है। निवासी शैलेंद्र ने बताया कि इससे पहले भी दूषित पानी की वजह से कई लोग बीमार पड़ चुके हैं। उस समय भी टूटी पाइपलाइन को ही मुख्य कारण माना गया था लेकिन स्थायी समाधान करने के बजाय केवल मरम्मत कर औपचारिकता पूरी कर दी गई। ब्यूरो