गार्बेज शुल्क वसूली के विरोध में निवासियों ने किया प्रदर्शन
ग्रेटर नोएडा संवाद। सेक्टर गामा-1 में कूड़ा उठाने के नाम पर शुल्क वसूली के विरोध में शुक्रवार को स्थानीय निवासियों ने प्रदर्शन किया। लोगों ने प्राधिकरण की नीति के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि शहरवासियों पर लगातार नई-नई नीतियां लागू कर उन्हें परेशान किया जा रहा है।
प्रदर्शन के बाद सेक्टर गामा-1 के निवासियों का एक प्रतिनिधिमंडल क्षेत्रीय विधायक तेजपाल नागर के कार्यालय पहुंचा और अपनी समस्या से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से इस मामले में हस्तक्षेप कर समाधान कराने की मांग की। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष संजय भाटी, विजय जेटली, राहुल नम्बरदार, ललित यादव, मास्टर जी, भगत सिंह नागर और विपिन कुमार एडवोकेट सहित कई लोग मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने समस्या के समाधान के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ को पत्र भी भेजा है। निवासी विजय जेटली का कहना है कि गार्बेज शुल्क को लेकर सेक्टरवासियों में रोष है। संजय भाटी ने कहा कि प्राधिकरण को शहरवासियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए नीतियां बनानी चाहिए और इस मामले का जल्द समाधान करना चाहिए।