-रजिस्ट्री की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान बिल्डर के खिलाफ नारेबाजी
- आरोप, ट्रांसफर चार्जेस के नाम पर वसूली जा रही मोटी रकम
- 400 से अधिक परिवारों को नहीं मिल पा रहा मालिकाना हक
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित जीकेजी पाल्म कोर्ट सोसाइटी के निवासियों ने रविवार को रजिस्ट्री की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। सोसाइटी के लोगों ने बिल्डर उप प्रबंध के सेल्स ऑफिस का घेराव भी किया। आरोप है कि बिल्डर प्रबंधन द्वारा सुविधाओं में कटौती की जा रही है। रजिस्ट्री के नाम पर टालमटोली की जा रही है।
सोसाइटी में रहने वाले गुलशन ने बताया कि रजिस्ट्री कराने की मांग की जा रही है,लेकिन बिल्डर सुनने को जारी नहीं हो रहा है। सोसाइटी में करीब 400 लोगों की रजिस्ट्री रुकी हुई है। बिल्डर प्रबंधन द्वारा लोगों से स्टांप पेपर चार्ज के पैसे पहले ही ले लिए गए हैं, उसके बाद भी रजिस्ट्री नहीं कराई जा रही है। वहीं बिल्डर ट्रांसफर चार्जेस के नाम पर मोटी रकम वसूल रहा है, जिससे लोग को दिक्कत होती है। इन्हीं सभी समस्याओं से परेशान होकर लोग सोसाइटी में रविवार को एकत्रित हुए। सोसाइटी के निवासियों ने पैदल मार्च निकालते हुए बिल्डर के सेल्स ऑफिस पहुंचे। जहां उन्होंने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि पिछले रविवार की भी बिल्डर प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया था, जिस दौरान उन्हें अगली बार मिलने का भरोसा दिया गया था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।