- बिजली फ्लक्चुएशन और कटौती बनी बड़ी परेशानी, सोसाइटी में नहीं है डीजी बैकअप
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। भीषण गर्मी के बीच गौड़ यमुना सिटी के निवासी बिजली की समस्या से परेशान हैं। निवासियों का कहना है कि सोसाइटी में लगातार बिजली फ्लक्चुएशन और कटौती की समस्या बनी हुई है। इससे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी खराब हो रहे हैं। निवासियों का कहना है कि सोसाइटी में पहले डीजी बैकअप की सुविधा उपलब्ध थी, जिससे बिजली जाने की स्थिति में लोगों को राहत मिल जाती थी। लेकिन काफी समय पहले डीजी बैकअप व्यवस्था को हटा दिया गया। अब लगातार बढ़ रही गर्मी और बिजली संकट के चलते निवासी दोबारा डीजी बैकअप शुरू करने की मांग कर रहे हैं।
दिन और रात में बार-बार हो रहे बिजली फ्लक्चुएशन के कारण एसी, फ्रिज, टीवी और अन्य घरेलू उपकरण खराब होने का खतरा बना रहता है। निवासियों का कहना है कि डीजी व्यवस्था के लिए पहले उनसे शुल्क लिया गया था । सुविधा बंद होने के बाद न तो उनका पैसा वापस किया गया और न ही उसे मेंटेनेंस में समायोजित किया गया। सोसाइटी निवासियों ने संबंधित प्रबंधन से जल्द बिजली व्यवस्था सुधारने, फ्लक्चुएशन की समस्या दूर करने और डीजी बैकअप दोबारा शुरू करने की मांग की है।
कोट
- लगातार बिजली फ्लक्चुएशन बड़ी परेशानी बन चुकी है। दिन में कई-कई बार लो-वॉलटेज का सामना भी करना पड़ता है। - शिव शंकर रॉय
- डीजी बैकअप नहीं होने के कारण भीषण गर्मी में रहना पड़ता है। सोसाइटी से डीजी बैकअप के लिए कई बार शिकायत कर चुके हैं।- श्रवण कुमार
- बार-बार बिजली में होने वाले फ्लक्चुएशन के चलते बिजली उपकरणों के खराब होने का खतरा बना रहता है। - नितिन जैन
शिव शंकर रॉय, गौड़ यमुना सिटी
शिव शंकर रॉय, गौड़ यमुना सिटी