प्रबंधन के खिलाफ निवासियों का हल्लाबोल
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सुपरटेक इकोविलेज एक सोसाइटी में मेंटेनेंस शुल्क में बढ़ोतरी और सुविधाओं के नाम पर बदहाली से परेशान निवासियों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। वाईजी फैसिलिटी प्रबंधन की कथित मनमानी के खिलाफ निवासियों ने प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया। आरोप है कि प्रबंधन ने कैम शुल्क में तो वृद्धि कर दी, लेकिन सोसाइटी की बुनियादी सुविधाओं को सुधारने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। छह महीने से समस्याओं का सामना कर रहे निवासियों ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है।
निवासियों ने रविवार को सांसद डॉ. महेश शर्मा से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। लोगों ने सांसद को सोसाइटी की बदहाल व्यवस्थाओं, मेंटेनेंस शुल्क में कथित मनमानी वृद्धि और प्रबंधन के रवैये से अवगत कराया। सांसद ने निवासियों की समस्याएं सुनते हुए उनके हित में उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया। निवासी संजय शर्मा ने कहा कि फैसिलिटी प्रबंधन ने मेंटेनेंस शुल्क बढ़ाने में तो तेजी दिखाई, लेकिन सुविधाओं में सुधार करने की जिम्मेदारी नहीं निभाई। आज भी निवासी रोजमर्रा की बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं। जब सुविधाओं का स्तर जस का तस है तो कैम में बढ़ोतरी किस आधार पर की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि शुल्क वृद्धि से पहले एपेक्स कोर्ट कमेटी की आवश्यक स्वीकृति भी नहीं ली गई।
बैठक में नहीं बनी बात, बुधवार तक इंतजार
निवासियों के विरोध के बाद दोपहर दो बजे फैसिलिटी प्रबंधन के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में कैम वृद्धि वापस लेने और सोसाइटी की व्यवस्थाओं में सुधार समेत कई मुद्दे उठाए गए, लेकिन प्रबंधन और निवासियों के बीच सहमति नहीं बन सकी। प्रबंधन ने बुधवार तक विचार-विमर्श के बाद अपना निर्णय बताने की बात कही। निवासियों ने चेतावनी दी है कि बुधवार तक संतोषजनक समाधान नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर व्यापक स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।