प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप की मांग
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित कैपिटल एथेना सोसाइटी में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बच्चों द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम पर कथित रोक लगाए जाने को लेकर निवासियों में नाराजगी है। निवासियों का आरोप है कि बिल्डर प्रबंधन की ओर से नोटिस जारी कर कार्यक्रम आयोजित करने पर रोक लगाई गई है। इससे सोसाइटी में विवाद बढ़ गया है। निवासियों का कहना है कि सोसाइटी में पहले से ही लिफ्ट, कूड़ा प्रबंधन और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर समस्याएं बनी हुई हैं। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर बच्चों के कार्यक्रम पर रोक लगाए जाने से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं।
निवासियों ने बिल्डर प्रबंधन के फैसले पर सवाल उठाते हुए मामले में प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि नोटिस की प्रति के साथ प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री कार्यालय, जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर और स्थानीय पुलिस को शिकायत भेजी जा रही है। स्वतंत्रता दिवस देश का राष्ट्रीय पर्व है और बच्चों के सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम पर रोक लगाने के बजाय प्रबंधन को उन्हें प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।