ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित महागुन मंत्रा-2 सोसाइटी के निवासियों ने शनिवार को बिल्डर के मुख्य कार्यालय पर रजिस्ट्री की मांग को लेकर थाली बजाकर विरोध जताया। निवासियों का आरोप है कि तीन साल बीतने के बाद भी बिल्डर रजिस्ट्री करने को तैयार नहीं है। हर बार केवल तारीख दे देते हैं, लेकिन रजिस्ट्री कराने का नाम नहीं ले रहा है।
निवासियों ने बताया कि परिसर के पांच टावरों में करीब 1100 फ्लैट बने हुए हैं, जिनमें आधे से ज्यादा फ्लैटों में परिवार रहते हैं। जून में पजेशन मिला था। तभी से लोग यहां पर रहने लगे, लेकिन अभी तक बिल्डर ने रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू नहीं की है। मेंटेनेंस के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती है। हर बार बिल्डर से रजिस्ट्री करने के लिए बोलने पर एक नई तारीख मिलती है, परंतु अभी तक रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है, जिसके कारण खरीदार परेशान हैं। उनका आरोप है कि हर बार बिल्डर द्वारा आश्वासन देने से काम नहीं चलेगा, अब जल्द से जल्द उनके घर की रजिस्ट्री होनी चाहिए। ब्यूरो