-अंसल गोल्फ लिंक एक व ग्रीन वुड सोसाइटी में समस्या
- सालों से टूटी पड़ी सीवर लाइन अब तक नहीं हो पाई सही
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर ओमेगा एक स्थित अंसल गोल्फ लिंक एक सोसाइटी व ग्रीन वुड सोसाइटी में पिछले चार दिनों से पानी भरे होने से निवासी परेशान हैं। निवासियों का आरोप है कि ग्रेटर नोएडा के पी-3 गोलचक्कर के पास मेन सीवर लाइन पिछले 1.5 साल से टूटी हुई है। इसके कारण आस पास के सभी सेक्टरों में सीवर ओवरफ्लो की समस्या बढ़ रही है। बरसात के कारण सोसाइटियों में गंदा पानी भर रहा है। पिछले चार दिनों से निवासी गंदे पानी को पंप लगाकर निकाल रहे हैं।
सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पी तीन गोलचक्कर और उदमन होटल के पास ग्रेटर नोएडा का मेन सीवर व ड्रेनेज लाइन कई महीनों से टूटी पड़ी है। अनेक बार उसके लिए प्राधिकरण के अधिकारियों को बताया गया। कई बार टेंडर की प्रकिया की गई, लेकिन अब तक लाइन नहीं सही हो पाई। नाले की सफाई भी इस बार नहीं की गई। सफाई नहीं होने के कारण अब लोगों के घरों में गंदा पानी भर रहा है। पानी भरे होने के कारण बीमारियों के फैलने का खतरा सता रहा है। कई बार गुहार लगाई जा चुकी है,लेकिन अधिकारी नींद से जगाने का नाम नहीं ले रहे है। अंसल गोल्फ लिंक एक सोसाइटी तालाब में तब्दील हो चुकी है। उनका कहना है कि समय से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने उदमन होटल के पास सीवर लाइन को ठीक कर दिया होता और मुख्य नाले की सफाई कर दी होती तो आज आधा ग्रेटर नोएडा बाढ़ग्रस्त न होता।