फोटो संख्या-6, 7 व 8
पुलिस ने जिले में बढ़ाई सतर्कता, शहर में जगह-जगह लगाई बैरिकेडिंग
बस अड्डे, रेलवे स्टेशन से लेकर मॉल-मल्टीप्लेक्स तक में चल रही चेकिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गणतंत्र दिवस की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। बृहस्पतिवार को आयोजित होने जा रही गणतंत्र दिवस परेड में सुरक्षा के मद्देनजर सभी प्रकार के भारी वाहनों को बुधवार रात 9 बजे से ही दिल्ली में प्रवेश से वंचित कर दिया गया। बृहस्पतिवार दोपहर 1.30 बजे तक यह वाहन दिल्ली में प्रवेश नहीं कर पाएंगे।
सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने भी शहर में सतर्कता बढ़ा दी है। शहर में विभिन्न स्थानों पर बैरिकेड लगाकर वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस टीम के साथ डॉग स्क्वाॅड टीम भी मुख्य चौराहों पर जांच कर रही हैं। मंगलवार को शहर में जगह-जगह वाहनों की जांच की गई। इसके साथ-साथ रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, मेट्रो स्टेशन के साथ-साथ होटल और धर्मशालाओं में ठहरने वाले यात्रियों की भी गहनता से जांच की जा रही है।
बुधवार को भी रेलवे स्टेशन पर भी डॉग स्क्वॉड टीम के साथ जांच की गई। सुरक्षा को लेकर शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। खराब पड़े सीसीटीवी कैमरे ठीक किए गए। पुलिस ने होटल संचालकों को निर्देश जारी कर कहा कि होटल में रह रहे मेहमानों की आईडी जमा कराने के साथ-साथ उनकी गतिविधियों पर भी नजर रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या उसकी संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी जाए। इसके साथ ही सभी थाना प्रभारियों को क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ-साथ संदिग्धों पर नजर बनाए रखने के आदेश दिए हैं।
ताऊ देवी लाल स्टेडियम में कृषि मंत्री फहराएंगे राष्ट्रध्वज
गुरुग्राम के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में गणतंत्र दिवस परेड का कार्यक्रम आयोजित होगा। इस अवसर पर हरियाणा के कृषि मंत्री जेेपी दलाल सुबह 10 बजे राष्ट्र ध्वज फहराएंगे। इस दौरान देश की रक्षा में शहीद हुए सैनिकों को याद किया जाएगा और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।