- एक्सपो में 1,050 से अधिक प्रदर्शक और अनुमानित 55,000 उद्योग पेशेवर होंगे शामिल
- विश्व भर की 65 कंपनियां ले रही भाग
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो एंड सेंटर मार्ट में रिन्यूएबल एनर्जी इंडिया-2025 एक्सपो 30 अक्टूबर से एक नवंबर तक चलेगा। इसमें 700 से अधिक प्रदर्शक, 1,000 ब्रांड, 35,000 से अधिक आगंतुक और 250 वैश्विक विचारकों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।
एक्सपो में सौर विनिर्माण, बैटरी भंडारण, ईवी चार्जिंग के बुनियादी ढांचे, बायोमास और पवन ऊर्जा सहित नवीकरणीय ऊर्जा समाधानों के पूर्ण श्रेणी का प्रदर्शन होगा। इस आयोजन में नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) द्वारा समर्थित एक विशाल जैव ऊर्जा मंडप भी शामिल है, जिसमें विश्व भर की 65 कंपनियां भाग ले रही हैं।
इन्फॉर्मा मार्केट्स इन इंडिया के प्रबंध निदेशक योगेश मुद्रास ने कहा कि रिन्यूएबल एनर्जी इंडिया एक्सपो ऊर्जा स्वतंत्रता और स्थिरता की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है। 242.8 गीगावाट गैर-जीवाश्म ईंधन क्षमता के साथ, जिसमें 233.99 गीगावाट नवीकरणीय स्रोतों से है। भारत अब अपनी कुल बिजली उत्पादन का आधे से अधिक स्वच्छ स्रोतों से प्राप्त करता है।