माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर 15ए के वृंदावन पार्क में बनाई गई रिलीजियस साइट से खड़े हुए विवाद में बृहस्पतिवार को हाइकोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान अधिकारियों ने जवाब मांगे गए हैं। वहीं, अब अगली सुनवाई 16 मार्च को होगी।
दरअसल, सेक्टर निवासियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मामले में हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। मीडिया प्रभारी चंद्रलेखा रॉय के अनुसार, इस पर न्यायाधीश महेश चंद्र त्रिपाठी और कुणाल रवि सिंह की खंडपीठ ने नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से उनके प्लान को लेकर जानकारी मांगी है। वहीं इस मामले को लेकर निवासी आज शाम फिर वृंदावन पार्क में इकट्ठा होकर प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि जहां पिछले 40 सालों से पार्क था, वहां अन्य कोई कंक्रीट आधारित निर्माण नहीं होना चाहिए। इससे प्रदूषण फैलेगा।
बता दें कि सेक्टर में बने पार्क के कुछ हिस्से को करीब एक साल पहले रिलीजियस साइट घोषित कर दिया गया था। जानकारी के अनुसार, यहां एक मंदिर का निर्माण होना है। लोगों ने पर्यावरणीय कारणों से इसका विरोध किया है।