देवोत्थान एकादशी शनिवार को जिलेभर में धूमधाम से मनाई गई। कई स्थानों पर तुलसी व शालिग्राम का विवाह हुआ। मंदिरों से लेकर घर-घर में उठो देव, बैठो देव...की गूंज सुनाई दी।
सुबह से ही मंदिरों में धार्मिक आयोजकों का सिलसिला शुरू हो गया। साफ-सफाई के बाद भगवान की मंगला आरती उतारी गई। घरों में महिलाओं ने व्यंजन बनाए। खड़िया, गेरू और रंग-गुलाल से रंगोलियां बनाई गईं।
गन्ना, सिंघाड़ा, गुड़, बताशे, रोली, चावल, पुष्प, धूप आदि से पूजा-अर्चना की गई। उसके बाद देवों को जगाया गया। लोगों ने घर और परिवार में सुख, वैभव और समृद्धि के लिए भगवान लक्ष्मी नारायण के दर्शन किए। कुछ जगहों पर रविवार को भी देवोत्थान एकादशी मनाई जाएगी।
मथुरा- वृंदावन की लगाई परिक्रमा :
देवोत्थान एकादशी पर जिलेभर से श्रद्धालु परिक्रमा लगाने के लिए मथुरा-वृंदावन गए, जिसके चलते मथुरा की ओर जाने की वाली रोडवेज बस व अन्य वाहनों में काफी भीड़ रही। जिले से भारी संख्या श्रद्धालु वृंदावन बांके बिहारी के दर्शन करने पहुंचे।
इन मंदिरों में हुए कार्यक्रम :
एतिहासिक श्रीदाऊजी महाराज मंदिर, ठाकुर कन्हैयालाल महाराज मंदिर, गोविंद भगवान मंदिर, श्री दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर, नवग्रह मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर आदि में धार्मिक आयोजनों की धूम रही। भगवान का मनोहारी शृंगार किया गया। तुलसी शालिग्राम का विवाह व भजन कीर्तन का आयोजन किया गया।