- अलग-अलग स्थानों के टेंडर किए गए जारी, पाइपलाइन लीक होने की वजह से इलाकों में रहती है गंदगी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर के कई हिस्सों में लंबे समय से परेशानी का कारण बनी पुरानी सीवर लाइनें अब बदली जाएंगी। नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-1, 2, 3 और 15 में करीब 1.90 करोड़ रुपये और बहलोलपुर गांव में लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से नई सीवर पाइपलाइन बिछाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं।
इन क्षेत्रों में काफी समय पहले पाइपलाइन बिछाई गई थी। पुरानी सीवर पाइपलाइन कई जगहों से टूट गई हैं। कई स्थानों पर पाइपलाइन चोक होने से सीवर का पानी सड़कों और गलियों में भर जाता है, जबकि कई जगह पाइप फटने से गंदगी फैलने और दुर्गंध की समस्या बनी रहती है। इससे स्थानीय निवासियों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सेक्टर-1, 2, 3 और 15 मेट्रो स्टेशन के कुछ ब्लॉकों में सीवर ओवरफ्लो और लाइन चोक होने की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। वहीं, बहलोलपुर गांव में भी पुरानी पाइपलाइन के कारण जलनिकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे सड़कों पर गंदा पानी जमा होने के साथ संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ जाता है। लाइन चोक होने से गैस बनने से फटने का खतरा भी बना रहता है। बीते समय में ऐसे हादसे हो चुके हैं। प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया नई पाइपलाइन बिछाई जाने के बाद सीवर व्यवस्था में सुधार होगा और ओवरफ्लो, चोकिंग और पाइप फटने जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा।