संवाद न्यू एजेंसी
शामली। दीपावली के बाद दो दिन तक वायु प्रदूषण लगातार बढ़कर एक्यूआई 268 पर पहुंच गया था। एक्यूआई बढ़ने से हवा जहरीली होने से सांस के मरीजों की परेशनी बढ़ गई थी। तीसरे दिन बृहस्पतिवार को जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक 268 से घटकर 171 होने पर राहत मिली है, हालांकि अभी भी यह हानिकारक की श्रेणी में होने के कारण लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
दीपावली पर पटाखों और आतिशबाजी के धुएं से हवा जहरीली हो गई थी। दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में शामिल जनपद शामली में दीवाली से अगले दिन मंगलवार को एक्यूआई 189 हो गया था। दूसरे दिन बुधवार को एक्यूआई बढ़कर 268 पर पहुंच गया था। वायु प्रदूषण बढ़ने का कारण सांस के मरीजों को परेशानी होने लगी थी।
दीपावली से तीसरे दिन वायु प्रदूषण कम हुआ है। जिले का एक्यूआई कम होकर 171 हो गया है। एक्यूआई कम होने से लोगों को थोड़ी राहत मिली है, लेकिन चिकित्सकों का कहना है कि अभी भी हवा शुद्ध होने में समय लगेगा। इसलिए लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि वायु प्रदूषण से बचाव करने के उपाय करने चाहिए।
विशेष तौर से सांस के मरीजों और बुजुर्गों को ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सांस के मरीजों को कोई समस्या होती है तो जिला अस्पताल में चिकित्सक की सलाह से उपचार कराना चाहिए।