- प्रशासन ने कार्यक्षेत्र का सर्वे कर तैयार की विभाजन की रिपोर्ट, शासन को भेजा जाएगा प्रस्ताव
नंबर
6 सब रजिस्ट्रार कार्यालय हैं जिले में
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा और दादरी में दो नए सब रजिस्ट्रार कार्यालय बनाए जाएंगे। इससे रजिस्ट्री कराने के लिए लोगों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। साथ ही दोनों स्थान के मौजूदा कार्यालयों का भार भी कम हो जाएगा। जिला प्रशासन ने दादरी तहसील और ग्रेनो के सेक्टर-2 स्थित दोनों सब रजिस्ट्रार कार्यालय के कार्य विभाजन की रिपोर्ट तैयार कर ली है। सर्वे के बाद तैयार की रिपोर्ट के साथ विभाजन का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। हालांकि मौजूदा रजिस्ट्रार कार्यालय में बैनामा लेखक इसका विरोध कर रहे हैं।
फिलहाल नोएडा में तीन और दादरी, ग्रेटर नोएडा व जेवर में एक-एक सब रजिस्ट्रार कार्यालय हैं। जहां पर रोजाना हजारों रजिस्ट्री होती हैं। दादरी और ग्रेटर नोएडा के सब रजिस्ट्रार कार्यालय पर दस्तावेज पंजीकरण का काफी भार है। नियम के अनुसार एक सब रजिस्ट्रार कार्यालय पर रोजाना औसतन 60 से 70 रजिस्ट्री होनी चाहिए। हालांकि दादरी में रोजाना 200 से अधिक रजिस्ट्री हो रही हैं। जबकि ग्रेटर नोएडा के सब रजिस्ट्रार कार्यालय में करीब 150 रजिस्ट्री प्रतिदिन होती है। रजिस्ट्री का भार अधिक होने के कारण लोगों को काफी इंतजार करना होता है। दोनों रजिस्ट्रार कार्यालय पर सुबह से शाम तक भीड़ लगी रहती हैं।
लोगों की समस्या को ध्यान में रखकर विभाग ने दादरी और सेक्टर गामा-दो स्थित रजिस्ट्रार कार्यालय का विभाजन करने का फैसला लिया है। विभागीय अफसरों ने बताया कि दोनों रजिस्ट्रार कार्यालय के क्षेत्र का सर्वे कर विभाजन का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
नहीं होती प्रपत्रों की ठीक से जांच
फर्जीवाड़ा रोकने के लिए रजिस्ट्री के प्रपत्रों की जांच करना जरूरी है। अभी दोनों सब रजिस्ट्रार कार्यालय में रजिस्ट्री का भार अधिक है। इससे वहां पर प्रपत्रों की ठीक से जांच नहीं हो पा रही है। इसे ध्यान में रखकर विभाग ने विभाजन करने का फैसला लिया है। नए कार्यालय के साथ अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की जाएगी। जिससे पपत्रों की जांच में लापरवाही नहीं होगी।
जगह चिन्हित करने में लगेगा समय
दादरी रजिस्ट्रार कार्यालय पुरानी तहसील परिसर में बना हुआ है। जहां काफी भीड़ रहती है। तहसील और रजिस्ट्रार कार्यालय में आने वाले लोगों को पार्किंग की समस्या होती है। उधर जीटी रोड का जाम परेशान करता है। नए रजिस्ट्रार कार्यालय के लिए जमीन चिह्नित की जा रही है। हालांकि अधिवक्ताओं ने इसका विरोध किया है। वह पुराने परिसर में कार्यालय बनाने की मांग कर रहे हैं।
ग्रेटर नोएडा और दादरी के सब रजिस्ट्रार कार्यालय का विभाजन करने की कार्रवाई की जा रही है। सर्वे कर रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। जल्द ही प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। नए सब रजिस्ट्रार कार्यालय बनने से लोगों को सुविधा होगी।-
शशि भानु मिश्रा, एआईजी द्वितीय, गौतमबुद्ध नगर