संतोष ट्रॉफीः- मणिपुर ने एक अंक से जीता मैच
-नागालैंड ने मध्यप्रदेश को 3-0 से हराया, जिला प्रशासन और खेल विभाग को नहीं दिया निमंत्रण
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में रविवार को 77वीं राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता (संतोष ट्रॉफी) के ग्रुप-सी के लीग मैचों का आगाज हुआ। उद्घाटन मैच का पहला मैच मणिपुर व तमिलनाडु टीम के बीच खेला गया। मणिपुर की टीम ने 1-0 से तमिलनाडु टीम को पराजित कर अंक तालिका में तीन अंक हासिल किए।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय सचिव और राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, यूपी फुटबॉल संघ के अध्यक्ष अरविंद मेनन व दादरी विधायक तेजपाल नागर ने किया। उधर, मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया से सभी खिलाड़ियों को जीत की शुभकामनाएं दी।
ग्रेटर नोएडा स्थित शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दो व एक मुकाबला निजी विश्वविद्यालय में खेला गया। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सुबह आठ बजे 90 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में मणिपुर ने बाजी मारी। निजी विवि में नागालैंड व मध्यप्रदेश के बीच फुटबॉल मैच हुआ। नागालैंड ने मध्यप्रदेश को 3-0 से पराजित किया। शाम को यूपी व झारखंड के बीच रोचक मुकाबला देखने को मिला। मैच में यूपी टीम ने 2-0 की बढ़त बनाई हुई थी। मैच के अंतिम समय में झारखंड ने एक गोल दागकर मैच को 2-1 पर ला दिया। यूपी फुटबॉल के सचिव मोहम्मद शाहिद, उपाध्यक्ष पुष्कर शर्मा, जिला फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव वाजिद अली, व सांसद सदस्य सुजीत कुमार प्राधिकरण के एसीईओ आशुतोष द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
फुटबॉल संघ ने जिला प्रशासन को किया नजर अंदाज
ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 77वीं राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता (संतोष ट्रॉफी) में राजनीतिक लोग शामिल हुए। मगर आयोजन में फुटबॉल संघ की ओर से जिला प्रशासन व खेल विभाग को नजरअंदाज किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि फुटबॉल संघ की ओर से कोई सूचना नहीं मिली। जिला उप-क्रीड़ा अधिकारी का कहना है कि दो से तीन दिन पहले फुटबॉल संघ के अधिकारियों ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बैठक की थी। उसमें भी जिला प्रशासन व खेल विभाग को सूचना नहीं दी गई। वहीं, उद्घाटन के लिए निमंत्रण नहीं दिया गया।