नोएडा। जिले में कोरोना केसों की संख्या हर दिन नए रिकॉर्ड बना रही है। मरने वालों का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। रविवार को अब तक के एक दिन में रिकॉर्ड 700 नए मामले सामने आए हैं। साथ ही, 24 घंटे के अंदर तीन लोगों ने इस बीमारी से जान गंवा दी है। जिले में हुई मौतों में से एक युवक 39 साल का है, जिसे 8 तारीख को भर्ती कराया गया था। उसे हृदय रोग की समस्या थी। दूसरी मौत बुजुर्ग (68) की हुई है। वे हृदय रोग से भी पीड़ित थे। जबकि तीसरी मौत भी बुजुर्ग (63) की मौत हुई है। उन्हें डायबिटीज और हृदय रोग दोनों की समस्या थी। तीनों व्यक्तियों की मौत जिम्स में हुई है।
राज्य सरकार के पोर्टल पर यह तीनों मौतें 24 घंटे में दर्शायी गई हैं। जबकि स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि यह मौतें अलग-अलग दिनों में हुई हैं। इनका डाटा पोर्टल पर देर से अपलोड हुआ है। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या में भी बेतहाशा वृद्धि होने लगी है। अब तक 30350 कुल केस सामने आए हैं। इनमें से 3327 सक्रिय मरीज हैं। 27100 ठीक हो चुके हैं। मरने वालों की संख्या 103 हो गई है। जिले में इससे पहले सबसे ज्यादा 489 मरीज शुक्रवार को आए थे। पिछले साल सर्वाधिक 20 मौतें जुलाई में हुई थीं। इसके बाद अक्तूूबर-नवंबर में 15-15 मौतें हुई थीं। दिसंबर में 7 लोगों की मौत के साथ यह कहर थमने लगा था। जनवरी में सिर्फ एक व्यक्ति की कोरोना से मौत हुई थी। जबकि फरवरी-मार्च में इस बीमारी से किसी को जान नहीं गंवानी पड़ी थी। इस बार अप्रैल के 18 दिनों के अंदर ही 12 मौतें हो चुकी हैं।
बढ़ाई जाएगी बेड संख्या
सीएमओ डॉ. दीपक ओहरी ने बताया कि विभिन्न अस्पतालों को कोविड इलाज के लिए बेड संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। यथार्थ अस्पताल में बेड संख्या 500 कर दी गई है। जेपी में 200, निओ में 80, फेलिक्स में 100, फ ोर्टिस में 100 बेड क्षमता कर दी गई है। जबकि सूर्या, शर्मा, आरोग्य, संजीवनी, एसआरएस अस्पतालों में 100-100 बेड पर इलाज शुरू किया जा रहा है। मेट्रो अस्पताल को भी 100 बेड क्षमता के साथ इलाज करने की अनुमति दी गई है। कोरोना के बढ़ते केसों को देखते हुए लगातार इलाज संसाधनों में बढ़ोतरी की जा रही है। लोगों को समय पर इलाज उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।