बहराइच मेडिकल कॉलेज में स्थित बाल रोग विभाग।
- फोटो : बहराइच मेडिकल कॉलेज में स्थित बाल रोग विभाग।
बहराइच। मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। प्रतिदिन औसतन 50 से 60 बाल रोगियों को भर्ती किया जा रहा है। बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए विभागाध्यक्ष ने बाल रोग विभाग में 100 अतिरिक्त बेड बढ़ाने की सिफारिश की है।
मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग में इस समय कुल 100 बेड की व्यवस्था है। विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. मोहम्मद परवेज ने बताया कि वर्तमान में एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) और पीआईसीयू (पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट) में मिलाकर लगभग 100 बेड उपलब्ध हैं, लेकिन लगातार बढ़ रहे मरीजों की संख्या को देखते हुए बेड की क्षमता बढ़ाना आवश्यक हो गया है।
डॉ. परवेज के अनुसार, बाल रोग विभाग में प्रतिदिन 300 से 350 बच्चों की ओपीडी हो रही है, जिनमें से 50 से 60 मरीजों को भर्ती करना पड़ता है। इनमें कई गंभीर मरीज ऐसे होते हैं जिन्हें 24 घंटे से अधिक समय तक भर्ती रखना पड़ता है। ऐसे में मौजूदा बेड की संख्या अपर्याप्त साबित हो रही है।
उन्होंने बताया कि मरीजों को भर्ती करने में सहूलियत और बेहतर उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बाल रोग विभाग में कुल 200 बेड किए जाने की सिफारिश की गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही विभाग में बेडों की संख्या बढ़ा दी जाएगी। प्राचार्य डॉक्टर संजय खत्री ने बताया कि बेड और संसाधन बढ़ाने की दिशा में कार्रवाई चल रही है।