ग्रेटर नोएडा में धूमधाम से मना दशहरा, जले रावण के पुतले
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा और वेस्ट में मंगलवार को दशहरा धूमधाम से मनाया गया। विभिन्न रामलीला स्थलों पर अहिरावण वध, राम-रावण युद्ध और रावण वध का मंचन हुआ। इसके बाद रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया।
श्री राधा-कृष्ण पार्क, पुराना हैबतपुर, इकोटेक-12, सेक्टर पाई-1, साइट-4 और गौर सिटी-1 में आयोजन हुए। पुतला दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मेलों में बच्चों और बड़ों ने झूलों का आनंद लिया। खानपान की दुकानों पर भी भीड़ रही। सभी स्थलों पर उत्सव का माहौल बना रहा।
रामलीला स्थलों पर हुआ मंचन
रामलीला सेवा ट्रस्ट की ओर से श्री राधा-कृष्ण पार्क में राम-रावण युद्ध का मंचन किया गया। भगवान राम के हाथों रावण का वध होते ही मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। पुराना हैबतपुर में श्री आदर्श रामलीला सेवा ट्रस्ट ने अहिरावण वध और रावण वध का मंचन किया। इसके बाद रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन हुआ। सूरजपुर साइट-4 स्थित सेंट्रल पार्क के पास श्रीरामलीला कमेटी ने दशहरा उत्सव आयोजित किया। यहां रावण दहन के साथ मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
85 फीट के रावण का दहन, ड्रोन शो ने खींचा ध्यान
इकोटेक-12 वेस्ट में प्रभु श्री रामलीला सेवा ट्रस्ट की ओर से रामलीला का आयोजन किया गया। मैदान में अयोध्या के राम मंदिर की तर्ज पर बने मॉडल में श्रद्धालुओं ने भगवान रामलला के दर्शन किए। यहां 85 फीट ऊंचे रावण और 70-70 फीट ऊंचे कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का दहन हुआ। ड्रोन शो और आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहे।
सेक्टर पाई-1 में 65 फीट ऊंचे रावण, 60 फीट ऊंचे कुंभकर्ण और 55 फीट ऊंचे मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। वहीं, ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी-1 स्थित गौर स्टेडियम में 70 फीट ऊंचे रावण, 60 फीट ऊंचे कुंभकर्ण और 55 फीट ऊंचे मेघनाद के पुतले जलाए गए।