कन्नौज। सदर विकासखंड के ग्राम उदैतापुर की सरकारी राशन दुकान निलंबित चल रही है। इसके बावजूद मनमाने ढंग से उदैतापुर में ही जिला मंत्री भाजपा विशाल दुबे के मकान में चल रही है। मामले में गुरुवार को दुकानदार पर घटतौली का आरोप लगाया गया है।
मामले की शिकायत सदर विधायक व समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण से की गई है। प्रार्थना पत्र में भाजपा आईटी सेल मंडल संयोजक मानीमऊ राम दुबे ने बताया कि कोटेदार मानीमऊ राधेश्याम शुक्ला का पुत्र रामजी शुक्ला खुलेआम घटतौली कर रहा है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो चुका है। आरोप है कि वीडियो सोशल मीडिया पर डाला गया तो एक भाजपा कार्यकर्ता ने उन्हें गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। फोन पर भी धमकी देने के स्क्रीनशॉट पीड़ित पक्ष ने संबंधित अधिकारियों को सौंपे जाने का दावा किया है। मामले में घटतौली करने वाले कोटेदार की दुकान निरस्त करने व धमकी देने के मामले में आकाश दुबे व विशाल दुबे के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है। मंत्री ने डीएसओ से मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।