नोएडा। कोर्ट के आदेश पर सेक्टर-20 कोतवाली पुलिस ने एक इंजीनियर के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। आरोप है कि इंजीनियर ने शादी का झांसा देकर अपनी ही सहकर्मी से दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-2 स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करने वाली युवती की वहीं काम करने वाले इंजीनियर पंकज से दोस्ती हो गई थी। आरोप है कि एक दिन पंकज, पीड़िता को सेक्टर-20 कोतवाली क्षेत्र स्थित अपने घर ले गया और वहां नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। होश में आने पर पीड़िता ने विरोध किया तो पंकज ने उससे शादी करने की बात कही। इसके बाद भी शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म किया। कुछ दिन पहले पंकज ने शादी करने से इनकार कर दिया और बातचीत भी बंद कर दी। पीड़िता ने कोर्ट से न्याय दिलाने की गुहार लगाई थी।