- सूरजपुर कोतवाली पुलिस पानी की सप्लाई विवाद बताकर कर रही जांच
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बरोंडी गांव के पास स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डर साइट पर मारपीट और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। दिव्यांश होम बिल्डर की ओर से लगाए गए आरोपों के अनुसार 12 मार्च की दोपहर करीब दो बजे पांच लोग जबरन साइट में घुस आए और वहां तैनात कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। सूरजपुर कोतवाली पुलिस दोनों पक्षों में पानी की सप्लाई का विवाद बता मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार आरोपियों ने साइट पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड सुखबीर और प्रोजेक्ट हेड जावेद के साथ गाली-गलौज की और उन्हें पीटा। इतना ही नहीं आरोपियों ने धमकी दी कि उनकी अनुमति के बिना निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने हर महीने दो लाख रुपये की रंगदारी की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि दबंगों ने पुलिस में अपनी ऊंची पकड़ होने की बात कहकर कार्रवाई से बचने का भी दावा किया। बिल्डर का कहना है कि पूरी घटना साइट पर लगे कैमरों में कैद हो गई है और इसका वीडियो साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं मीडिया सेल का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पानी की सप्लाई को लेकर हुए विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है।