दादरी। जारचा कोतवाली क्षेत्र के पहाड़ी गांव गेट के पास सड़क पर पैदल जा रहे मामा-भांजे को एक कार चालक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे मामा की मौके पर ही मौत हो गई और भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पत्नी ने कार नंबर के आधार पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मृतक कपिल तोमर पिलखुवा, हापुड़ जनपद के निवासी थे। वह अपने भांजे अन्नु राघव के साथ बिसाहड़ा गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह के बाद किसी काम से दोनों पटाड़ी गांव जा रहे थे। इसी दौरान कार चालक ने पीछे से उन्हें टक्कर मार दी। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल भांजे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की रिपोर्ट मृतक की पत्नी ने कार नंबर के आधार पर कोतवाली में दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है ।