बलरामपुर। फूलपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 58 वर्षीय राजगीर चंद्रदेव यादव की मौत हो गई। चंद्रदेव अपने घर साइकिल से लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के भतीजे जितेंद्र यादव ने बताया कि चंद्रदेव मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे बाजार से साइकिल से घर लौट रहे थे। केवटाना हाईवे पर पहुंचते ही पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह घायल हो गए।
हम उन्हें तत्काल रैदोपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान रात करीब 8:30 बजे उनकी मौत हो गई। चंद्रदेव यादव पेशे से राजगीर थे और एक पुत्र के पिता थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी।