फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Noida News: बारिश बनी नेटबॉल खिलाड़ियों की सबसे बड़ी बाधा, मलकपुर स्टेडियम का कोर्ट बदहाल

विज्ञापन
विज्ञापन
- टीन शेड और सिंथेटिक कोर्ट के अभाव में जलभराव व कीचड़ से ठप हो रहा अभ्यास, खिलाड़ियों ने खेल विभाग से आधुनिक सुविधाएं देने की उठाई मांग
विज्ञापन

नितेश कुमार
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम का नेटबॉल कोर्ट मूलभूत सुविधाओं के अभाव में खिलाड़ियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। कोर्ट पर न तो टीन शेड की व्यवस्था है और न ही सिंथेटिक या पक्का फर्श उपलब्ध है। ऐसे में मिट्टी के मैदान पर अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को बारिश के मौसम में सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। हल्की बारिश होते ही पूरा कोर्ट कीचड़ और जलभराव से भर जाता है, जिससे नियमित अभ्यास बाधित हो जाता है और चोटिल होने का खतरा भी बढ़ जाता है।
नेटबॉल तेज गति, संतुलन और फुर्ती का खेल है। इसमें खिलाड़ियों को लगातार दौड़ना, दिशा बदलना और छलांग लगानी पड़ती है। ऐसे खेल के लिए समतल और सुरक्षित कोर्ट जरूरी होता है, लेकिन मलकपुर स्टेडियम में खिलाड़ियों को मिट्टी के मैदान पर ही अभ्यास करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में कई बार अभ्यास पूरी तरह बंद करना पड़ता है, जबकि गर्मी में उड़ने वाली धूल भी खिलाड़ियों की परेशानी बढ़ा देती है। इसका असर राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारियों पर भी पड़ रहा है।
विज्ञापन

सुरक्षित माहौल में प्रदर्शन से सुधार होगा-
खिलाड़ियों का कहना है कि जिले से कई खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं। यदि यहां टीन शेड, सिंथेटिक कोर्ट और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था कर दी जाए तो उन्हें पूरे वर्ष सुरक्षित माहौल में अभ्यास का अवसर मिलेगा और प्रदर्शन में भी सुधार होगा। उनका कहना है कि आसपास के कई जिलों में आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं, जबकि गौतम बुद्ध नगर जैसे बड़े जिले में नेटबॉल खिलाड़ियों को अब भी आधारभूत सुविधाओं का इंतजार है।
सुविधाएं मुहैया कराने की मांग -
खिलाड़ियों ने बताया कि टीन शेड बनने से बारिश और तेज धूप दोनों से राहत मिलेगी और पूरे वर्ष नियमित अभ्यास संभव हो सकेगा। साथ ही यदि सिंथेटिक कोर्ट तैयार किया जाए तो चोट लगने की आशंका भी काफी कम हो जाएगी। वहीं, मैदान गीला होने के कारण उन्हें अन्य स्पर्धाओं के कोर्ट में अभ्यास करना होता हैं। खिलाड़ियों ने खेल विभाग व प्रशासन से जल्द आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
विज्ञापन

कोट-
हल्की बारिश में ही कोर्ट कीचड़ बन जाता है, नियमित अभ्यास प्रभावित होता है। -लक्ष्मी सिंह, नेटबॉल खिलाड़ी
गीले मिट्टी के मैदान पर खेल से ज्यादा संतुलन बनाए रखना चुनौती बन जाता है। -अभिषेक शर्मा, नेटबॉल खिलाड़ी
टीन शेड और बेहतर कोर्ट मिलने से पूरे साल बिना रुकावट अभ्यास कर सकेंगे। -विशाल सिंह, नेटबॉल खिलाड़ी
आधुनिक सुविधाएं मिलें तो जिले से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी तैयार होंगे। -मोहम्मद हम्मद, नेटबॉल खिलाड़ी

नेटबॉल कोर्ट में जलभराव न हो, इसके लिए खेल विभाग की व्यवस्था की जाएगी। खिलाड़ियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए खेल निदेशालय को पत्र लिखकर नेटबॉल कोर्ट में टीन शेड व अन्य सुविधाएं मुहैया कराने का प्रयास किया जाएगा। -डॉ. परवेज अली, प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें