नोएडा/ग्रेटर नोएडा/यमुना सिटी/रबूपुरा। बारिश के खलल डालने के बावजूद रामलीला समितियों ने बृहस्पतिवार को अहंकार के पर्याय रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले का दहन किया। हालांकि मेला परिसर में कीचड़ की वजह से लोगों को थोड़ी असुविधा हुई।
नोएडा, ग्रेटर नोएडा, ग्रेनो वेस्ट, दादरी, जेवर, रबूपुरा समेत अन्य जगहों पर दशहरा मेला लगा। यहां की रामलीला समितियों ने पहले राम-रावण युद्ध का मंचन किया। इस दौरान लोग जय श्रीराम के जयकारे लगाए। रावण का वध होने के बाद पुतला दहन किया गया। इस दौरान आतिशबाजी भी हुई जिसे लोगों ने अपने कैमरे में कैद किया। उन्होंने सेल्फी भी ली।
ग्रेनो के सेक्टर पाई-एक की श्री धार्मिक रामलीला कमेटी ग्रेटर नोएडा के मीडिया प्रभारी अतुल आनंद सिंह ने बताया कि रावण-वध के दौरान दर्शकों ने जय श्रीराम का उदघोष किया है। सेक्टर साइट-4 में मंचन करने वाली समिति के मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताया कि रामलीला मंचन में अंहकारी रावण के कुल के नाश, श्रीराम लक्ष्मण और वानर सेना ने किया। ग्रेनो वेस्ट की गौड़ सिटी-1 के राधा-कृष्ण पार्क में शाम छह बजे से मंचन शुरू हुआ। गौड़ सिटी स्टेडियम में रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया गया।
सूरजपुर के बराही मेला ग्राउंड पर श्री आदर्श रामलीला कमेटी ने पुतलों का दहन किया। यहां पर शाम पांच बजे से मंचन शुरू हुआ। ग्रेनो वेस्ट के पुराना हैबतपुर में श्री आदर्श रामलीला सेवा ट्रस्ट ने आयोजन किया। रबूपुरा में बारिश के कारण रामोत्सव मैदान में जौनमाना सनातन संस्कृति उत्थान फाउंडेशन ने एक घंटे बाद पुतलों का दहन किया गया। उससे पहले बारिश में दर्शकों को परेशानी उठानी पड़ी। इस दौरान विधायक धीरेंद्र सिंह, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष और संरक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष शशांक सिंह ने आरती उतारी। इस दौरान प्रधान विजय तायल, सुधीर गोयल, सुधीर त्यागी, सुनील तायल आदि मौजूद रहे।
जेवर के श्री दुर्गे मंदिर परिसर में नवरात्र महोत्सव का समापन धूमधाम से हुआ। श्रीराम के अयोध्या लौटने और भव्य राज्याभिषेक का मंचन किया गया। मंदिर परिसर में रावण के 51 फीट ऊंचे पुतले का दहन हुआ।