-कीचड़ और बदबू से परेशान हो रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर को रेल मार्ग से जोड़ने वाली रेलवे रोड नाला बन गई है। सीवर ओवरफ्लो होने से सड़क के दोनों तरफ पानी भर गया है। कीचड़ और बदबू की वजह से स्थानीय लोग परेशानी का सामना कर रहे हैं। बरसात के समय यहां के हालात और भी बदतर हो जाते हैं। सीवर का यह पानी काफी समय से ऐसे ही भरा हुआ है। प्रशासन की अनदेखी की वजह से लोग बदहाली में जी रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि काफी समय से सीवर ओवरफ्लो हो रहे हैं। इनकी देखरेख के लिए कोई नहीं आता है। यहां 18 इंच की पाइपलाइन डाली गई है। इसके बावजूद सीवर से पानी बाहर निकल रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क पर कीचड़ जमा है जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे रोड स्थित गीता आश्रम के बाहर भी गंदगी फैली रहती है। मंदिर के मुख्य द्वार के सामने भी कीचड़ फैली है। इस परिसर की साफ-सफाई पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।