जिला स्तरीय प्रतियोगिता के स्वर्ण विजेता 24 से 26 अप्रैल तक लखनऊ में करेंगे प्रतिनिधित्व
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के कराटे खिलाड़ी राधे मोहन और कार्तिक लखनऊ में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप में जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए दिखाई देंगे। प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन जिला स्तरीय कराटे चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने के आधार पर हुआ है।
कराटे वेलफेयर एसोसिएशन गौतमबुद्ध नगर की ओर से 21-ए स्थित नोएडा स्टेडियम में 12 अप्रैल को जिला कराटे चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिलेभर से करीब 500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और विभिन्न भार एवं आयु वर्ग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बालक व बालिका वर्ग की विभिन्न कैटेगरी में राधे मोहन और कार्तिक ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, वाणी ने रजत पदक और यश ने कांस्य पदक हासिल किया। सभी विजेता खिलाड़ी ग्रेटर नोएडा में संचालित बेगिनर्स अकादमी ऑफ मार्शल आर्ट्स में कोच प्रशांत कश्यप की देखरेख में कराटे के गुर सीखते हैं।
-
लखनऊ में 24 से 26 तक होगी प्रतियोगिता
कोच ने बताया कि राधे मोहन और कार्तिक 24 से 26 अप्रैल तक लखनऊ में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप में गौतमबुद्ध नगर का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।
-
जिला प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य स्तर के लिए चयनित होना मेरे लिए गर्व की बात है। मेरा पूरा ध्यान लखनऊ में होने वाली प्रतियोगिता पर है और मैं वहां भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करना चाहता हूं।
- राधे मोहन, खिलाड़ी।
मैंने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत की है और आगे भी पूरी लगन से तैयारी कर रहा हूं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अच्छे खिलाड़ियों से मुकाबला करने का मौका मिलेगा, जिससे मुझे बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। मेरा लक्ष्य पदक जीतना है और अपने जिले का गौरव बढ़ाना है।
कार्तिक, खिलाड़ी।