यमुना सिटी। यमुना एक्सप्रेसवे के नजदीक सेक्टर-22डी स्थित प्राधिकरण की ओर से विकसित हाईराइज सोसाइटी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निवासियों की चिंता बढ़ गई है। सोसाइटी में रह रहे विदेशी नागरिकों के पुलिस सत्यापन और वीजा की वैधता को लेकर निवासियों ने सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है।
सोसाइटी निवासी समर्पित आर्या ने बताया कि पूर्व में पुलिस जांच के दौरान कुछ विदेशी नागरिकों के वीजा की अवधि समाप्त होने के मामले सामने आए थे। इसके बावजूद सभी विदेशी नागरिकों के पासपोर्ट, वीजा और पुलिस सत्यापन की नियमित जांच के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं है।
विज्ञापन
निवासियों के अनुसार, कुछ समय पहले नारकोटिक्स विभाग ने सोसाइटी में छापेमारी की थी। इस दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया था। इस घटना के बाद से ही सोसाइटी में रहने वाले परिवारों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सोसाइटी में रह रहे सभी विदेशी नागरिकों के पासपोर्ट और वीजा की वैधता की जांच कराई जाए। साथ ही उनका अनिवार्य पुलिस सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई हो सके और सोसाइटी में रहने वाले परिवार खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।