सोनीपत। मुरथल स्थित दीनबंधु छाेटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पर आरोपों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अगस्त में विवि में विधानसभा कमेटी की बैठक में उठे सवालों के बाद अब मुरथल के एक छात्र ने विश्वविद्यालय की निवेश समिति की ओर से कराए गए 50 करोड़ रुपये के फिक्स डिपॉजिट (एफडी) पर फिर से सवाल उठाए हैं। छात्र ने राज्यपाल व मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
छात्र का आरोप है कि एफडी निजी बैंक में 7.20 फीसदी ब्याज दर पर कराई गई जबकि एक सरकारी बैंक ने 7.95 फीसदी ब्याज दर का प्रस्ताव दिया था। छात्र के अनुसार इससे विश्वविद्यालय को ब्याज में कमी के चलते आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा।
पत्र में छात्र ने दावा किया है कि सामान्यत: एफडी निवेश समिति की बैठक में विचार-विमर्श के बाद कराई जाती है लेकिन इस मामले में बिना बैठक बुलाए ही प्रक्रिया पूरी कर दी गई। छात्र ने कहा कि यदि मामले में संबंधित दस्तावेजों व रिकॉर्ड की जांच करवाई जाए तो स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
छात्र ने कहा कि उन्होंने इस विषय पर कुलपति व अन्य अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं हो सकी। छात्र ने आरोप लगाया कि उक्त मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही छात्र ने उनके कॅरिअर को भी नुकसान पहुंचाने की चिंता जताई। आश्वासन मिलने पर सामने आने की बात कही।
गृह, स्वास्थ्य, शिक्षा मंत्री, मुख्य सचिव को भी भेजा पत्र
छात्र ने मामले में राज्यपाल, मुख्यमंत्री के अलावा गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री, शिक्षा मंत्री, मुख्य सचिव सहित कई उच्च अधिकारियों को भी पत्र भेजकर मामले में पारदर्शी जांच करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि छात्र निधि मेहनतकश परिवारों की फीस से बनती है इसलिए इसका उपयोग पूरी पारदर्शिता व छात्रों के हित में होना चाहिए। वहीं इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलपति व रजिस्ट्रार से उनके फोन पर संपर्क कर किया गया तो उन्होंने कॉल नहीं उठाई।