गुगरापुर (कन्नौज)। यात्रियों को अब अलीगढ़-कानपुर हाईवे पर सुविधाओं की तलाश में भटकना नहीं पड़ेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) एक दिसंबर से टोल प्लाजा और हाईवे के प्रमुख स्थानों पर क्यूआर कोड वाले हाईटेक साइनबोर्ड लगाने जा रहा है। उन्हें स्कैन करते ही पेट्रोल पंप, अस्पताल, रेस्टोरेंट, शौचालय, ई-चार्जिंग प्वाइंट और पुलिस स्टेशन जैसी सभी जरूरी सेवाओं की लोकेशन सीधे मोबाइल पर मिलेगी।
नई प्रणाली के तहत यात्री केवल मोबाइल कैमरा या स्कैनर ऐप से कोड स्कैन करेंगे और नजदीकी सुविधाओं की दूरी, दिशा और लोकेशन तुरंत स्क्रीन पर दिखाई देगी। यह सिस्टम रात में सफर करने वालों और आपात स्थितियों में विशेष रूप से मददगार साबित होगा। अब तक हाईवे पर केवल हेल्पलाइन नंबर या साधारण संकेतक ही उपलब्ध थे। क्यूआर आधारित सूचना प्रणाली से यह जानकारी और अधिक स्पष्ट व उपयोगी हो जाएगी। जिले से गुजरने वाले अलीगढ़-कानपुर हाईवे पर टोल प्लाजा, ट्रक पाॅर्किंग एरिया, रेस्ट एरिया, हाईवे की शुरुआत और अंतिम छोर पर प्राथमिकता से साइनबोर्ड लगाए जा रहे हैं।
एनएचएआई के अधिकारियों के अनुसार भीड़भाड़ वाले जंक्शन और प्रमुख मोड़ों को भी इस सिस्टम से जोड़ा जाएगा। ताकि हर दिशा से आने वाला यात्री लाभ उठा सकें। तय समय पर यह सुविधा शुरू कर दी जाएगी। एनएचएआई के परियोजना निदेशक पंकज यादव का कहना है कि अलीगढ़-कानपुर हाईवे पर टोल प्लाजा और प्रमुख स्थानों पर क्यूआर कोड वाले साइनबोर्ड लगाए जाएंगे। स्कैन करते ही यात्रियों को सभी जरूरी सुविधाओं की जानकारी मिल जाएगी। यह व्यवस्था एक दिसंबर से लागू हो जाएगी।
मोबाइल की लोकेशन ऑन होने पर ही मिलेगी जानकारी
हाईवे पर बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए यह सुविधा वरदान साबित होगी। मोबाइल की लोकेशन ऑन होने पर ही जानकारी मिल सकेगी। यात्री मोबाइल का स्कैनर खोलकर क्यूआर कोड को स्कैन करेंगे तो उन्हें आसपास के होटल, रेस्टोरेंट, पेट्रोल पंप, ईवी स्टेशन, अस्पताल, मेडिकल स्टोर, शौचालय, वाहन सर्विस सेंटर व पंक्चर की दुकान व नजदीकी पुलिस स्टेशन समेत मोबाइल नंबर भी उपलब्ध हो जाएंगे। उसके आधार पर वह अपनी सुविधा का चयन कर सकेंगे।
टोल प्लाजा समेत प्रमुख स्थानों पर लगेंगे बोर्ड
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने अलीगढ़-कानपुर हाईवे पर प्रत्येक टोल प्लाजा समेत प्रमुख स्थानों पर हाईटेक साइन बोर्ड लगाने का निर्णय लिया है, जिसे स्कैन कर लोग उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। खास बात यह है कि इसमें दूरी भी दी जाएगी और गूगल मैप के जरिये चयन तक पहुंचने का मार्ग भी दिखाया जाएगा। साथ ही कांंटेक्ट नंबर भी होंगे, जिन पर कॉल कर जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।