जिला पंचायत ने प्रदान की 4,125.59 लाख के पुनरीक्षित बजट की स्वीकृति
संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। शुक्रवार को बुलाए गए जिला पंचायत सदन में बरेदीपुरवा से गढ़ीघाट सांईपुर तक संपर्क मार्ग का मुद्दा उछला। सदन में जिले के विकास के लिए 4,125.59 लाख के बजट पर जरूर मुहर लग गई। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने मानक के अनुरूप गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में निर्माण कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया।
जिला पंचायत सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का पुनरीक्षित बजट 4,125.59 लाख रुपये एवं वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुमानित बजट 3,913.65 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की। अ
पर मुख्य अधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि चित्रकूट जिला पंचायत की परिसम्पत्तियों को सुरक्षित किए जाने तथा विभिन्न स्थलों पर स्थित भूमि पर व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, दुकानों, सामुदायिक केंद्रों के निर्माण तथा पूर्व में निर्मित दुकानों, भवनों की मरम्मत के प्रस्ताव पास हुए हैं।
इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न व्यवसाय एवं संपत्ति कर का निर्धारण और वसूली के लिए सूची बनाने की सहमति बनीं। साथ ही जिला पंचायत में लाइसेंस शुल्क की दरों एवं विलंब शुल्क में संशोधन के साथ नए व्यवसाय शामिल किए गए हैं।
इस मौके पर पहाड़ी ब्लाक प्रमुख सुशील कुमार द्विवेदी, जिला पंचायत सदस्य अर्जुन प्रसाद शुक्ला, अनिल, विनीत द्विवेदी, उमाकांत त्रिपाठी, राजरानी, प्रेमचन्द्र वर्मा, दशरथ प्रजापति, जगदीश यादव, शिवऔतार त्रिपाठी, प्रेमा सिंह, संगीता देवी, मीरा भारती, अभियंता राकेश कुमार, वित्तीय परामर्श दाता नरेन्द्र कुमार रहे।