राज्य के पुनर्निर्माण और प्रभावित लोगों की मदद के लिए मिशन शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पंजाब में बाढ़ से हुई भारी तबाही के बीच राज्य सरकार के राज्य के पुनर्निर्माण और प्रभावित लोगों की मदद के लिए मिशन की शुरुआत को आप ने सराहनीय कदम करार दिया है। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस मिशन को बेहद प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि पंजाबी मुश्किलों से टूटते नहीं बल्कि और मजबूत होकर खड़े होते हैं।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर संदेश साझा करते हुए कहा कि संकट के समय में पंजाबियों की पहचान स्पष्ट रूप से सामने आती है। चाहे कितनी भी बड़ी मुसीबत आए वे बुलंद हौसले के दम पर न सिर्फ खुद संभलते हैं बल्कि दूसरों को भी सहारा देते हैं। अब समय है कि सब मिलकर टूटे सपनों को जोड़ें और पंजाब को फिर से रंगला पंजाब बनाएं। केजरीवाल ने एक वीडियो भी साझा किया जिसमें आप वालंटियर्स और स्थानीय लोग मिलकर बाढ़ प्रभावित स्कूलों, घरों और सड़कों से रेत व कीचड़ हटाते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब पर इस बार कुदरत ने बड़ा कहर बरपाया है। हजारों खेतों पर रेत की मोटी परत जम गई है। लाखों लोग प्रभावित हुए हैं लेकिन पंजाब पहले से कहीं ज्यादा मजबूत होकर खड़ा होगा।
वहीं, पार्टी के वरिष्ठ नेता और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने भी राज्य सरकार की पहल को मानवता की मिसाल बताया। पंजाब ने एक परिवार बनकर बाढ़ प्रभावितों के साथ खड़े होकर उदाहरण पेश किया है। अब सभी को आगे आकर इस मिशन का हिस्सा बनना चाहिए। पंजाब सरकार ने मिशन के तहत rangla.punjab.gov.in पोर्टल लॉन्च किया है जहां लोग ऑनलाइन योगदान कर सकते हैं। सरकार का दावा है कि जुटाए गए संसाधनों का उपयोग बाढ़ प्रभावित गांवों, किसानों, स्कूलों व परिवारों को राहत पहुंचाने में किया जाएगा।