-सितंबर 2021 के परफॉर्मेंस ऑडिट पर समिति कर रही सुनवाई
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (सीएजी) की ओर से सितंबर 2021 में किए गए परफॉर्मेंस ऑडिट की आपत्तियों पर लोकलेखा समिति सुनवाई कर रही है। अब तक कुल 207 आपत्तियों में 66 का निस्तारण किया जा चुका है। सबसे ज्यादा आपत्तियां स्पोर्ट्स सिटी की है।
शासन को भेजी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि लोकलेखा समिति की ओर से दस बैठकें की गई है। इसमें आपत्तियों के निस्तारण पर सुनवाई चल रही है। वर्तमान समय तक नियोजन, भूमि अर्जन, ग्रुप हाउसिंग, वाणिज्यिक परिसम्पत्ति तथा स्पोर्ट्स सिटी के मसले पर चर्चा हुई है। इन बैठकों में अब तक किसी कर्मचारी, अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के लिए निर्देश नहीं दिया गया है। बची हुई आपत्तियों के संबंध में अगली बैठकों में चर्चा की जानी है। प्राधिकरण के अधिकारी के मुताबिक नियोजन विभाग की 13 में से 11 आपत्तियों का निस्तारण हो चुका है। भूमि के अर्जन के मामलों में सभी 15 मामले निस्तारित किए जा चुके हैं। परिसम्पत्तियों के मूल्य निर्धारण के 19 मामले विचाराधीन हैं। ग्रुप हाउसिंग के 30 में से 19 मामलों का निस्तारण बाकी है।
वाणिज्यिक और संस्थागत परिसंपत्तियों के सभी 19-19 मामलों का निस्तारण बाकी है। स्पोर्ट्स सिटी के 32 में से 10 मामले का हल निकला है। फार्म हाउस के 15 मामलों पर चर्चा बाकी है। औद्योगिक के सभी 19 मामलों का निस्तारण हो चुका है। आंतरिक नियंत्रण के कुल 26 मामले हैं, जिन पर अभी चर्चा शेष है। जिन मामलों में आरोपों से बरी नहीं किया गया है। इनके खिलाफ भविष्य में प्राधिकरण के अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जारी किए जा सकते हैं।