संतकबीरनगर। जिले की प्रभारी मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने मंगलवार को जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ कलक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार आम जनमानस के स्वास्थ्य, शिक्षा, भरण पोषण, आवास आदि से संबंधित योजनाएं चला रही है। इसका लाभ प्रत्येक दशा में पात्र व्यक्तियों तक पहुंचना चाहिए। कोई भी पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित कराया जाएं।
उन्होंने कहा कि जनपद को साफ-सुथरा, विकासशील एवं सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकारी ईमानदारी एवं निष्ठा पूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। समीक्षा के दौरान विधायकों ने क्षेत्र में विभिन्न विभागों से संबंधित स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया। जिस पर प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए। कहा कि समस्या या बजट के अभाव कोई परियोजना रुकनी नहीं चाहिए। इसे अवगत कराया जाए।
उन्होंने पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना में अधिक से अधिक रजिस्ट्रेशन करवाते हुए अधिक से अधिक व्यक्तियों को योजना का लाभ दिलाए जाने के निर्देश अधिशाषी अभियंता विद्युत को दिए। उन्होंने कहा कि जनपद के जितने भी विद्यालयों में विद्युत का कनेक्शन नहीं है अथवा सुरक्षा के दृष्टिकोण से विद्युत तार व पोल आदि के शिफ्टिंग करने की आवश्यकता है, इसे गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग आगामी 15 दिनों में कनेक्शन एवं शिफ्टिंग कर आख्या प्रस्तुत करें।
जल निगम की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिशाषी अधिकारी जल निगम को निर्देशित किया गया कि सड़कों को तोड़कर जो पाइप डाल रहे हैं, उन सड़कों को समय से ठीक करा दिया जाए। जनपद में मंडी परिषद व जिला पंचायत द्वारा बनाई गई सड़कों की जांच के लिए जांच समिति गठित कर जांच करवाने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान विधायक मेंहदावल अनिल त्रिपाठी, विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान, एसपी संदीप कुमार मीना, एडीएम जय प्रकाश, सीडीओ जयकेश त्रिपाठी, सीएमओ डाॅ. रामानुज कन्नौजिया, डीडीओ प्रेम प्रकाश आदि उपस्थित रहे।