यमुना सिटी। गौर यमुना सिटी के निवासियों ने मेंटेनेंस शुल्क बढ़ाए जाने के विरोध में रविवार को प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में बृहस्पतिवार को सोसायटी के लोगों ने बैठक कर आगे की रणनीति तैयार की। निवासियों का कहना है कि बिल्डर ने मेंटेनेंस शुल्क को दोगुने से अधिक बढ़ाने का पत्र जारी किया है, जिससे लोगों में नाराजगी है।
निवासियों के अनुसार, अब तक करीब 24 रुपये प्रति वर्गफुट मेंटेनेंस शुल्क लिया जा रहा था। अब इसे बढ़ाकर करीब 55 रुपये प्रति वर्गफुट किए जाने की जानकारी दी गई है। इससे लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। बैठक में मौजूद श्रवण कुमार अवाना ने बताया कि शुल्क वृद्धि को लेकर सोसायटी के लोगों में असंतोष है। उन्होंने कहा कि बिल्डर को बढ़े हुए शुल्क का पत्र वापस लेना चाहिए। ऐसा नहीं होने पर रविवार को निवासी एकजुट होकर प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन के दौरान बिल्डर के सामने शुल्क वृद्धि पर आपत्ति दर्ज कर समाधान की मांग की जाएगी।